.

.
** हेलो जिन्दगी * * तुझसे हूँ रु-ब-रु * * ले चल जहां * *

Monday, July 30, 2018

जोड़ रहे हैं दो कुटुंब दिल से दिल की लड़ियाँ

मौका था भतीजी की शादी का फरमाईश थी परिजनों की तो इस उत्साह भरे माहौल में कोशिश की स्वरचित कुछ  गुनगुनाने की :)

******************************

रेशम का धागा ,फेविकोल ,न हथकड़ियाँ 

जोड़ रहे है दो कुटुंब दिल से दिल की लड़ियाँ  

बड़े नसीबो से आई ये रात मुरादों वाली 
चंदा सी लाडो मेरी बन गयी दुल्हनिया 

सूरज न चंदा फिर जगमग है ये आँगन 
इन्दर जैसा दूल्हा राजा  लेने आया सजनिया 

राम जानकी सी ये जोड़ी है बनायीं रब ने 
देव पित्तर और सम्बन्धी दे रहे है बधाईयाँ 
                           --सुनीता अग्रवाल "नेह "

Wednesday, May 2, 2018

हर तरफ शोर है




शोर ,शोर ,शोर 

हर तरफ शोर है 
आरती का शोर 
अजान का शोर 
देश भक्ति का शोर 
देश द्रोह का शोर 
धर्म का शोर 
जातियों का शोर 
प्रीत का शोर 
रीत का शोर
फागुन में उड़ते गुलाल का शोर
राहों में उड़ते गुबार का शोर 
कभी कुछ पल जब अकेली बैठती हूँ 
तो अपने ही आकांक्षाओं और 
लालसाओं का शोर 
कितने आदि हो गए है हम इस शोर के 
सोचती हूँ कभी जब वाकई शान्ति होगी 
तो कहीं हम उस शांति के शोर से 
पागल तो नही हो जाएंगे ???
-- सुनीता अग्रवाल "नेह"

Monday, September 18, 2017

अंधेरा

अंधेरा
***********
उसने अंधकार में डूबे उस पथ पर एक दीया जला कर रख दिया । उसके पास ही एक पर्ची लिख कर रख दी जिस किसी को रोशनी की जरूरत है वो इसमें से रोशनी ले कर जा सकता पर साथ ही इसमें थोड़ा तेल डालता जाय । कुछ घण्टे बाद आस पास की बस्ती के हर घर में धीमा धीमा प्रकाश दिखने लगा ।उस रोशनी के कई टुकड़े हो चुके थे । पर वो दीया बुझ चुका था । वो रास्ता फिर से अंधकार में डूब गया ।

*सुनीता अग्रवाल "नेह"
30/8/2017
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...